Shambhu Kumar
Chaibasa: रांची में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई के विरोध में भाजपा के झारखंड बंद का पश्चिमी सिंहभूम जिले में मिला-जुला असर रहा. चाईबासा, चक्रधरपुर, मनोहरपुर के शहरी क्षेत्र में दुकान बंद रही. जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजाना की तरह दुकानें खुली रहीं. चाईबासा में भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू के नेतृत्व में भाजपा नेता व कार्यकर्ता दुकानों को बंद कराने निकले.
वहीं भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चक्रधरपुर शहर में घूम-घूमकर दुकान-बाजार बंद कराया. भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखकर झारखंड बंद को सफल बनाने की अपील की. इसके बाद शहर की कई दुकानें बंद नजर आईं. बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही शहर में सक्रिय रहे.
इस दौरान पूर्व विधायक शशिभूषण सामड, डॉ. विजय सिंह गागराई, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष मालती गिलुवा, सुरेश साव वार्ड पार्षद गौतम रवानी, शिवलाल रवानी, तीरथ जामुदा, समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे. वहीं बड़ाजामदा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर बंदी के समर्थन में लोगों से सहयोग की अपील की.
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और बंदी को सफल बनाने का आह्वान किया. प्रदर्शन में पूर्व विधायक शंभू हाजरा, सारंडा मंडल अध्यक्ष महेंद्र महाकुंड, पूर्व मुखिया राजा तिर्की एवं भाजपा कार्यकर्ता सुकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे. पश्चिमी सिंहभूम जिले में बंद के दौरान लंबी बा छोटी दूरी के वहां परिचालनों पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ा. इसी तरह जिले के जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, सोनुवा, गोइलकेरा में बंद का मिला-जिला असर रहा.

