Palamu News: पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश की है. संप्रेषण गृह के विधि विवादित किशोरों द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए मिट्टी के कलात्मक दीपों को बढ़ावा देने के लिए उपायुक्त ने सभी 11 पैकेट दीप स्वयं खरीद लिए.
शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में संप्रेषण गृह के किशोरों द्वारा तैयार दीपों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाया गया. इसका उद्घाटन जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने किया. इस दौरान उन्होंने प्रति पैकेट 120 रुपये की दर से सभी 11 पैकेट दीप खरीदे और फोन-पे के माध्यम से कुल 1,320 रुपये का भुगतान किया.
इसे भी पढ़ें:
खास बात यह रही कि उपायुक्त ने खरीदे गए सभी दीपों को वात्सल्य होम के बच्चों को उपहार स्वरूप भेंट करने की बात कही. उन्होंने कहा कि इन दीपों से वात्सल्य होम रोशन होगी, इससे सुखद और कुछ नहीं हो सकता.
उपायुक्त की इस पहल से संप्रेषण गृह के किशोरों के हुनर को प्रोत्साहन मिलने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का सकारात्मक संदेश भी मिला है. इस मौके पर सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक पीयूष सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

