Search

 
 
 

Investigate: गुमला की बच्ची के साथ नहीं हुआ था दुष्कर्म, गला दबाकर की गई थी हत्या, परिवार ही संदिग्ध

घटना 24 सितंबर की है. छठी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची घर से ग़ायब हो गई थी. देर रात कुछ युवक उसे बेहोशी की स्थिति में घर के बाहर छोड़कर चले गये. 25 सितंबर को उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे कोलेबिरा अस्पताल ले जाया गया. कोलेबिरा के अस्पताल ने बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए रि्म्स में रेफर कर दिया. 26 सितंबर को रिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
 
13 वर्षीय मृत बच्ची की फ़ाइल फोटो
  • ग्रामीणों व पुलिस को बच्ची के पिता पर ही हत्या का है संदेह.
  • साल 2021 में बेटे की हत्या का भी लगा था आरोप.

Ranchi: गुमला की 13 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना नहीं हुई थी. उसकी हत्या गला दबाकर की गई थी. उसके गले पर दबाने के निशान मिले हैं. इस बात का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है. अब पुलिस की जांच इस दिशा में हो रही है कि बच्ची की हत्या किसने की. हत्या का शक बच्ची के परिवार के लोगों पर ही है. 

 

घटना 24 सितंबर की है. घटना को लेकर जो जानकारी आयी, उसके मुताबिक छठी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची घर से ग़ायब हो गई थी. देर रात कुछ युवक उसे बेहोशी की स्थिति में घर के बाहर छोड़कर चले गये. 25 सितंबर को उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे कोलेबिरा अस्पताल ले जाया गया. फिर सिमडेगा के एक अस्पताल में ले जाया गया. बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए सिमडेगा के डॉक्टर्स ने उसे रिम्स में रेफर कर दिया. 26 सितंबर को रिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

 

Uploaded Image

घर के भीतर इसी जगह पर बेहोशी की स्थिति में पड़ी थी 13 वर्षीय बच्ची.

 

बच्ची के परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी थी कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया है. साथ ही मारपीट किया गया है. वह गंभीर रुप से जख्मी है. इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु की. इस बीच पुलिस ने रिम्स से पोस्टमार्टम रिपोर्ट हासिल किया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है. साथ ही यह पता चला है कि बच्ची की मौत दम घुटने से हुई है. किसी ने उसका गला दबाया था. गले में दबाने का निशान भी है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्ची का गला किसने दबाया. जिसकी वजह से उसकी स्थिति गंभीर हो गई.

 

सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने बच्ची के घर के बगल के दुकानदार से पूछताछ की है. पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि बच्ची घर से बाहर गई ही नहीं थी. ना ही बच्ची को जब इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, तब उसका कपड़ा भिंगा हुआ नहीं था. दुकानदार के मुताबिक 25 सितंबर को पूरे दिन-रात बारिश हो रही थी.

 

पुलिस को यह भी पता चला है कि बच्ची के भाई की मौत भी पहले हो चुकी है. उसकी मौत की वजह फांसी लगाया जाना बताया गया है. साल 2021 में हुई बच्चे की मौत के मामले में उसके पिता को ही अभियुक्त बनाया गया था. वह मानसिक रुप से बीमार व्यक्ति है.

 

उल्लेखनीय है कि बच्ची की मौत के बाद यह मामला राजनीतिक रुप से संवेदनशील बन गया. भाजपा समेत अन्य विपक्षी दलों ने इस मामले में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को कटघरे में खड़ा किया. जिसके बाद सरकार ने एक आईएएस और एक आईपीएस की कमेटी बनायी. 27 सितंबर को जारी आदेश के मुताबिक दो सदस्यीय कमेटी मामले की जांच कर सरकार को रिपोर्ट देगी. कमेटी इस बात की जांच करेगी कि बच्ची के इलाज और पुलिसिया कार्रवाई में किसी तरह की लापरवाही तो नहीं बरती गई. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही