Search

 
 
 

राज्यपाल ने किया एनडीसी प्रतिनिधिमंडल से संवाद

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को लोक भवन, रांची में राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (नेशनल डिफेन्स कॉलेज) के प्रतिनिधिमंडल से संवाद किया
 

Ranchi : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को लोक भवन, रांची में राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (नेशनल डिफेन्स कॉलेज) के प्रतिनिधिमंडल से संवाद किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक अध्ययन का एक प्रतिष्ठित संस्थान है, जिसकी पहचान न केवल भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी स्थापित है. इसका गौरवशाली इतिहास देश की रक्षा और नीति निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है.

 

 

संवाद के दौरान राज्यपाल महोदय ने झारखंड को वीरों की धरती बताते हुए कहा कि यह राज्य प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा, समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से परिपूर्ण है. उन्होंने कहा कि झारखंड का जनजातीय समाज प्रकृति-प्रेमी है, जिसकी झलक उनके पर्व-त्योहारों और जीवनशैली में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है. राज्य के लोग सरल, परिश्रमी, साहसी और अतिथि-सत्कार के लिए प्रसिद्ध हैं.

 

राज्यपाल ने झारखंड की पर्यटन संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि राज्य के झील, झरने और विश्वप्रसिद्ध धार्मिक आस्था केंद्र पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. प्रतिनिधिमंडल से उन्होंने समय मिलने पर इन स्थलों के भ्रमण का आग्रह किया. साथ ही बताया कि लोक भवन, रांची के उद्यान अब आम नागरिकों के लिए खोल दिए गए हैं, जहां गुलाब की 100 से अधिक प्रजातियां उपलब्ध हैं.

 

प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख मेजर जनरल हरतेज सिंह बजाज ने बताया कि इस दल में कुल 17 सदस्य शामिल हैं, जिनमें इथोपिया, बांग्लादेश, फ्रांस, ब्राज़ील और जापान के 5 विदेशी सदस्य भी हैं. प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने झारखंड में खेलों की संभावनाओं की सराहना करते हुए हॉकी और तीरंदाजी में राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख किया.

 

इस पर राज्यपाल ने कहा कि झारखंड में खेलों के प्रति विशेष रुचि है और हॉकी, तीरंदाजी व फुटबॉल जैसे खेलों में राज्य निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर रहा है. उन्होंने पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और राज्य की महिला हॉकी खिलाड़ियों का भी उल्लेख किया. संवाद के अंत में उच्च शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर चर्चा हुई. संवाद के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन परिसर स्थित उद्यान का भ्रमण किया.

 

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही