Ranchi News: रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र के रेडियम रोड स्थित सुवालाल गोपीलाल जैन की दुकान में हुई करीब 15.70 लाख रुपये की सिगरेट चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों कुन्दन वर्मा और विजय रजक उर्फ लल्लु को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई सिगरेट और मोबाइल भी बरामद किया गया है.
जानकारी के अनुसार, 26 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर करीब 3,000 रुपये नकद, बिना सिम कार्ड वाला एक पुराना मोबाइल फोन और लगभग 15.70 लाख रुपये मूल्य की सिगरेट चोरी कर ली थी.
इसे भी पढ़ें:
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया. पूछताछ में पुलिस ने दोनों की संलिप्तता सामने आने का दावा किया. इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई सिगरेट छह बैग और तीन झोलों में बरामद की गई. चोरी का मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया है.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी कुन्दन वर्मा का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना में चोरी, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं.
गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में कोतवाली के सहायक पुलिस अधीक्षक निखिल राय, थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी, सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा समेत कोतवाली और सुखदेवनगर थाना के पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र बल शामिल रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

