Jamtara News: शहर के राजबाड़ी इलाके में चोरों ने धनबाद रेल जीआरपी में पदस्थापित एसआई सुभाष मुर्मू के बंद घर को निशाना बनाया. चोर स्टोर रूम का वेंटिलेटर तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए और अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए. चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें:
बताया गया कि सुभाष मुर्मू रविवार सुबह अपने पैतृक गांव गोड्डा जिले के राजाभीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत धमनी गांव गए थे. परिवार में भांजे के निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पूरा परिवार गांव गया था. सोमवार शाम जामताड़ा स्थित घर लौटने पर चोरी की घटना का पता चला.
घर के अंदर जांच करने पर अलमारी टूटी हुई मिली. अलमारी में रखी सोने की एक अंगूठी, सोने के तीन टॉप्स, चांदी की सिकड़ी समेत अन्य सामान गायब थे. आशंका है कि चोरों ने पहले स्टोर रूम का वेंटिलेटर तोड़ा और उसी रास्ते घर में प्रवेश किया.
घटना को लेकर पीड़ित एसआई सुभाष मुर्मू की बहन उर्मिला मुर्मू ने जामताड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी की जानकारी दी है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
घटना के बाद राजबाड़ी इलाके के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. पुलिस का कहना है कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

