- 28 से 30 अगस्त तक होंगे खेल व फिटनेस कार्यक्रम
Ranchi News : झारखंड के सभी सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर 28 से 30 अगस्त तक तीन दिवसीय राज्यव्यापी अभियान खेलेगा भारत जीतेगा भारत का आयोजन किया जाएगा.
स्कूल शिक्षा व साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला शिक्षा अधीक्षकों को निर्देश जारी किए हैं.शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के पत्र के आधार पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को खेलों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना, फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है. अभियान के तहत विद्यालय स्तर पर विभिन्न खेल, फिटनेस गतिविधियां, पारंपरिक खेल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
28 अगस्त को कार्यक्रम की शुरुआत उद्घाटन, शपथ ग्रहण और फिटनेस गतिविधियों के साथ होगी. इसके अलावा पास द बॉल और स्पोर्ट्स बंधन, खेल के माध्यम से स्वास्थ्य विषय पर स्लोगन/नारे व निबंध प्रतियोगिता तथा सांकेतिक व पारंपरिक खेलों का प्रदर्शन किया जाएगा. इसमें योग, आसन, पीटी, मार्शल आर्ट, रस्साकशी और तीरंदाजी जैसी गतिविधियां शामिल हैं.
29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी. विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद के जीवन, स्वास्थ्य व खेल और जीवन में अनुशासन के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी. इस दौरान खेल शपथ ग्रहण व मार्च पास्ट भी कराया जाएगा. विद्यालयों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. कक्षा 1 से 5 के विद्यार्थियों के लिए 50 मीटर दौड़, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, चम्मच-गोली दौड़, कैरम और लूडो जैसी प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं.
30 अगस्त को Sundays on Cycle के तहत स्वास्थ्य केंद्रित साइकिल रैली आयोजित की जाएगी. भारत द्वारा BRICS की अध्यक्षता किए जाने के अवसर पर इस दिन भारत की खेल संस्कृति को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से विशेष तौर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
दिशा-निर्देशों के अनुसार कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए 100 मीटर और 200 मीटर दौड़, कबड्डी, खो-खो, शतरंज और टेबल टेनिस जैसी प्रतियोगिताएं होंगी. वहीं कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ के साथ फुटबॉल/हॉकी/कबड्डी, बैडमिंटन और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. छात्र-शिक्षक मैत्री खेल के तहत रस्साकशी, क्रिकेट/फुटबॉल और म्यूजिकल चेयर जैसी गतिविधियां भी होंगी.
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालयों में खेल सामग्री, प्राथमिक उपचार, पेयजल और सुरक्षा की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. आयोजन की तस्वीरें और संक्षिप्त प्रतिवेदन जिला शिक्षा परियोजना कार्यालय के माध्यम से राज्य परियोजना कार्यालय को भेजना होगा. विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों का सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है.
निर्देश में यह भी कहा गया है कि प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा. विद्यालय स्तर पर सभी गतिविधियों की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक, शारीरिक शिक्षा शिक्षक और नोडल शिक्षक द्वारा सुनिश्चित की जाएगी.
विभाग ने 28 और 30 अगस्त को अवकाश होने के बावजूद संबंधित दिनों में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक विद्यालय खोलकर कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उपस्थित शिक्षकों व शिक्षकेतर कर्मियों को नियमानुसार क्षतिपूरक अवकाश देने की बात भी कही गई है.

