Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले में तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में खरसावां थाना क्षेत्र के तेलीसाई निवासी 20 वर्षीय सोमनाथ हेंब्रम, खरसावां के बूढ़ीतोपा गांव निवासी 22 वर्षीय गोविंद प्रधान तथा टोंटो थाना क्षेत्र के पेरतोल गांव निवासी 60 वर्षीय मुकुंद गोप शामिल हैं. मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है.
इसे भी पढ़ें:
https://lagatar.in/a-deliberate-conspiracy-to-plunge-the-country-into-chaos-jp-nadda
जानकारी के अनुसार, सोमनाथ हेंब्रम तांतनगर की ओर से बाइक से चाईबासा आ रहा था. इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पामपाड़ा गांव के समीप उसकी बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई. दुर्घटना में सोमनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे उठाकर सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
वहीं, दूसरी घटना में मुकुंद गोप और सूरज गोप एक ही बाइक पर सवार होकर चाईबासा से अपने गांव लौट रहे थे. रास्ते में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पुराना चाईबासा के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक से उनकी टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मुकुंद गोप को मृत घोषित कर दिया.
इसी तरह, एक अन्य सड़क दुर्घटना में घायल गोविंद प्रधान की भी इलाज के दौरान मौत हो गई. वह खरसावां थाना क्षेत्र के बूढ़ीतोपा गांव का निवासी था. तीनों मृतकों के शवों का रविवार को सदर अस्पताल चाईबासा में पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव उनके परिजनों को सौंप दिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
