Hazaribagh News: बड़कागांव पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिरमा पंचायत के पूर्व मुखिया मोहम्मद वाजिद अली समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 मवेशी बरामद करने के साथ दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 18 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं. गिरफ्तार अन्य दो आरोपियों की पहचान सिरमा गांव निवासी मोहम्मद आरिफ और मुकम्मल हुसैन के रूप में हुई है.
इस संबंध में बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि वरीय पुलिस पदाधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि सिरमा गांव से कदमाडीह-ढेंगा होते हुए सुकुलखपिया की ओर 10 से 15 बछिया एवं बैलों को ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल छापेमारी दल का गठन किया गया.
इसे भी पढ़ें:
पुलिस टीम बड़कागांव-बादम मुख्य मार्ग स्थित आईटीआई कॉलेज के समीप चिरैया नदी के पास पहुंची. इसी दौरान पुलिस वाहन को देखकर मवेशियों को लेकर जा रहे लोग इधर-उधर भागने लगे. हालांकि, पुलिस बल की तत्परता से घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया गया. मौके से कुल 13 मवेशियों को बरामद किया गया. साथ ही दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 18 हजार रुपये नकद जब्त किए गए.
थाना प्रभारी के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों से मवेशियों के स्वामित्व एवं परिवहन से संबंधित वैध कागजात की मांग की गई, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद सभी मवेशियों और आरोपियों को बड़कागांव थाना लाया गया. इसके बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में हजारीबाग जेल भेज दिया गया.
थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने आगे बताया कि पूर्व मुखिया मोहम्मद वाजिद अली के विरुद्ध पुलिस को कई वर्षों से मवेशी तस्करी में संलिप्तता की सूचनाएं मिल रही थीं. पूर्व में भी पुलिस की कार्रवाई के दौरान अन्य आरोपी और मवेशी पकड़े गए थे, लेकिन वाजिद अली गिरफ्तारी से बच निकलते थे. इस बार पुलिस को पुख्ता सूचना मिली, जिसके आधार पर सुनियोजित तरीके से छापेमारी कर उन्हें दो अन्य आरोपियों के साथ गिरफ्तार किया गया. छापेमारी दल में थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के अलावा एसआई अभिषेक कुमार, रोशन कुमार तथा सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

