Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड के सारंडा क्षेत्र अंतर्गत छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव में रविवार देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया. गांव के पास बहने वाली पहाड़ी कुइली नदी में तेज बहाव की चपेट में आकर दो महिलाएं समेत तीन ग्रामीण बह गए. हादसे में बहदा गांव के मुंडा रोया सिद्धू के पिता बोसेन सिद्धू, उनकी चाची प्यारी सिद्धू और गांव के बामिया सिद्धू की पत्नी सुनीता सिद्धू शामिल हैं. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
इसे भी पढ़ें:
बताया गया कि तीनों ग्रामीण एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान वे कुइली नदी पार कर रहे थे. सारंडा के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण अचानक नदी में पानी का तेज बहाव आ गया. देखते ही देखते जलस्तर बढ़ गया और तीनों ग्रामीण तेज धार की चपेट में आकर बह गए.
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण तीनों देखते ही देखते नदी की धार में ओझल हो गए. ग्रामीणों ने अंधेरा होने के बावजूद नदी के आसपास उनकी तलाश शुरू कर दी. देर रात करीब साढ़े नौ बजे ग्रामीणों ने प्यारी सिद्धू का शव बरामद कर लिया. वहीं बोसेन सिद्धू और सुनीता सिद्धू की तलाश जारी रही.
मनोहरपुर डीएसपी डेविड ए. डोडराय ने बताया कि ग्रामीणों से घटना की सूचना मिलने के बाद छोटानागरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस और ग्रामीणों द्वारा लापता लोगों की तलाश की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
