Ranchi News: राजधानी रांची में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, चार नवंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पोखरटोली मैदान में कुछ युवक हथियार के साथ बैठकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.
इसे भी पढ़ें:
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एयरपोर्ट के सामने पोखरटोली मैदान स्थित इमली के पेड़ के पास छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण गोप उर्फ करण कुमार, आदित्य कुमार और अभिषेक सिंह उर्फ अभिषेक कुमार उर्फ सुल्तान के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार करण गोप और अभिषेक सिंह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. अभिषेक सिंह के खिलाफ गोंदा और जगन्नाथपुर थानों में कई मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट का मामला भी शामिल है.
इस मामले में एयरपोर्ट थाना कांड संख्या 50/26, दिनांक 04.11.2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

