Ranchi: रांची शहर में पब्लिक प्लेस पर हुड़दंग, खुले में शराब पीने, नशाखोरी और अड्डेबाजी पर लगाम लगाने के लिए रांची पुलिस ने शनिवार शाम विशेष जांच अभियान चलाया. पुलिस ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 50 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की.
इसे भी पढ़ें:
अभियान के दौरान पुलिस ने फिरायालाल चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, मेन रोड, ओटीसी ग्राउंड, डीआईजी ग्राउंड और मोरहाबादी मैदान समेत कई प्रमुख स्थानों पर जांच की. इसके अलावा धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी परिसर, रिंग रोड से जुड़े सुनसान रास्तों, खाली प्लॉट और निर्माणाधीन क्षेत्रों में भी पुलिस की टीम पहुंची.
शराब दुकानों के आसपास भी विशेष निगरानी रखी गई. पुलिस ने शराब दुकानों के नजदीक स्थित ढाबों, गुमटियों और अन्य स्थानों पर खुले में शराब पीने और उपद्रव करने वालों की जांच की.
अभियान के दौरान 100 से अधिक लोगों को पकड़ा गया. इनमें खुले में शराब पीने, संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने और हुड़दंग करने वाले लोग शामिल थे. पुलिस ने सभी को भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति नहीं करने की सख्त चेतावनी और हिदायत देकर छोड़ा. पकड़े गए लोगों के नाम-पता पुलिस ने दर्ज किए.
अभियान की मॉनिटरिंग के लिए एसपी और डीएसपी स्वयं अलग-अलग इलाकों में फील्ड पर मौजूद रहे और थाना प्रभारियों तथा सशस्त्र पुलिस बल के साथ जांच अभियान को संचालित किया.
रांची पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य असामाजिक तत्वों, मनचलों और आदतन अपराधियों पर नकेल कसना, खुले में नशाखोरी, फब्तियां कसने और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाले उपद्रव को रोकना है. पुलिस ने खास तौर पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने पर जोर दिया है.
पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल डायल 112 या नजदीकी थाना को दें. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

