Ranchi News: रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में चाकू का भय दिखाकर मोबाइल फोन लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल बाइक, लूटे गए दो स्मार्ट मोबाइल फोन और एक चाकू बरामद किया है.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
जानकारी के अनुसार, बसंत विहार, हरमू निवासी नीरज किस्कु ने अरगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया था कि आरोपियों ने चाकू का भय दिखाकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए.
इसे भी पढ़ें:
मामले में अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई. अनुसंधान के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मो. फैज आलम उर्फ प्रिंस और मो. गुलाममुद्दीन उर्फ बड़का को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों में फैज आलम उर्फ प्रिंस निजाम नगर, हिंदपीढ़ी का रहने वाला है, जबकि गुलाममुद्दीन उर्फ बड़का मूल रूप से केरेडारी, हजारीबाग का निवासी है और वर्तमान में बरियातू थाना क्षेत्र की सतार कॉलोनी में रह रहा था.
कार्रवाई में अरगोड़ा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सतीश कुमार गोराई, पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार राय, पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार उपाध्याय समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

