Ranchi: रांची पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नामकुम थाना क्षेत्र से 2.84 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से दो बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. मामले में नामकुम थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.

जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई को वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि रायसा मोड़ की ओर से दो व्यक्ति बाइक पर अवैध अफीम लेकर बिक्री के उद्देश्य से बयानडीह बाजार आने वाले हैं. सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
इसे भी पढ़ें:
छापेमारी दल ने रांची-टाटा रोड स्थित बयानडीह बाजार के पास घेराबंदी की. कुछ देर बाद दो मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध युवक वहां पहुंचे. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक छोड़कर भागने लगे. जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोलगा मुण्डा और विजय मुण्डा के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उनकी मोटरसाइकिल में टंगे झोले से संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने जंगल में अवैध रूप से अफीम की खेती कर उसे एकत्र किया था और बिक्री के लिए लेकर आए थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment