Dhanbad News: सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत जिला प्रशासन ने कंबाइंड बिल्डिंग के आसपास सख्त रुख अपना लिया है. उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर धनबाद अंचल अधिकारी राम प्रवेश कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को सरकारी जमीन की मापी कराई गई. इस कार्रवाई के दौरान पथ निर्माण विभाग के क्वार्टरों में अवैध कब्जा और सरकारी जमीन पर बने दो मकान अतिक्रमण के दायरे में पाए गए.
इसे भी पढ़ें:
अंचल अधिकारी ने पथ निर्माण विभाग के क्वार्टरों में अवैध रूप से रह रहे लोगों को छठ पूजा के बाद तक हर हाल में क्वार्टर खाली करने का कड़ा निर्देश दिया है. तय समय सीमा के बाद कब्जा नहीं हटाने वालों पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर बने दो मकानों को चिह्नित कर लिया गया है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन मकान मालिकों को औपचारिक रूप से नोटिस जारी किया जाएगा.
अंचल अधिकारी राम प्रवेश कुमार ने बताया कि कंबाइंड बिल्डिंग के पास स्थित इन महत्वपूर्ण भूखंडों पर टाउन हॉल, खेल मैदान और लाइब्रेरी जैसी विकास योजनाएं प्रस्तावित हैं. इन योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना बेहद जरूरी है. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से इलाके के अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

