Palamu News: शहर के कोर एरिया में सड़क और फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले विक्रेताओं को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है. कांग्रेस भवन के ठीक बगल में करीब 2.37 करोड़ रुपये की लागत से बना वेंडिंग जोन लगभग तैयार है. दो मंजिला इस वेंडिंग जोन में करीब 150 दुकानें बनाई गई हैं. इसके निर्माण में करीब दो साल का समय लगा है.
इसे भी पढ़ें:
नगर निगम की योजना के अनुसार सड़क किनारे कारोबार करने वाले सब्जी और फल विक्रेताओं को यहां शिफ्ट किया जाएगा. दो साल में तैयार हुए इस वेंडिंग जोन के होने से सड़क किनारे कारोबार करने वाले छोटे व्यवसायियों को व्यवस्थित कारोबारी ठिकाना मिलने की उम्मीद है. साथ ही, शहर के कोर एरिया को अतिक्रमण और जाम की समस्या से राहत दिलाने में भी यह वेंडिंग जोन अहम साबित हो सकता है.
वेंडिंग जोन में शिफ्ट होने के बाद सब्जी और फल विक्रेताओं को मुख्य बाजार से करीब 500 मीटर के दायरे में ही व्यवस्थित दुकानें मिल जाएंगी. इससे उन्हें सड़क और फुटपाथ पर दुकान लगाने की मजबूरी से राहत मिलेगी. वेंडरों को अतिक्रमण हटाने के दौरान परेशानी झेलनी पड़ती है. नए वेंडिंग जोन में शिफ्ट होने के बाद उन्हें इस समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है.
फिलहाल करीब 500 वेंडर नगर निगम में सूचीबद्ध हैं, जबकि नए वेंडिंग जोन में करीब 150 दुकानें बनाई गई हैं. दुकानों का आवंटन नगर निगम में गठित वेंडिंग कमेटी के स्तर से विचार-विमर्श के बाद किया जाएगा. प्राथमिकता के आधार पर सब्जी और फल विक्रेताओं को यहां शिफ्ट करने की योजना है.
वेंडिंग जोन में वेंडरों के लिए बुनियादी सुविधाओं का भी इंतजाम किया गया है. यहां रोशनी, पंखा और शौचालय की सुविधा उपलब्ध होगी. इससे वेंडरों को खुले में और सड़क किनारे कारोबार करने की परेशानी से राहत मिलेगी. वहीं, ग्राहकों को भी एक ही जगह व्यवस्थित तरीके से सब्जी और फल खरीदने की सुविधा मिल सकेगी.
शहर के मुख्य बाजार में सड़क और फुटपाथ पर सब्जी-फल की दुकानें लगने से यातायात प्रभावित होता है. कई जगह सड़क की चौड़ाई कम होने से जाम की स्थिति बनती है. करीब 150 वेंडरों के वेंडिंग जोन में शिफ्ट होने के बाद मुख्य बाजार की सड़कें अपेक्षाकृत खाली होंगी. इससे यातायात व्यवस्था में सुधार और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है.
नगर आयुक्त रंजीत लाल ने बताया कि वेंडिंग जोन का काम लगभग पूरा हो चुका है. हालांकि, अभी इसका हैंडओवर नहीं हुआ है. हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वेंडिंग कमेटी के माध्यम से दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. उन्होंने कहा कि वेंडरों को नए वर्ष से पहले ही वेंडिंग जोन में शिफ्ट कर दिया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
