Search

पश्चिम बंगाल व तमिलनाडु में वोटिंग जारी, मुर्शिदाबाद में EVM खराब, PM, शाह व TMC ने की वोटर्स से खास अपील

Lagatar Desk :  पश्चिम बंगाल के 16 जिलों की 152 सीटों और तमिलनाडु के सभी 234 विधानसभा सीटों पर आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है. दोनों राज्यों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ,ताकि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके. इसके अलावा गुजरात के उमरेठ विधानसभा और महाराष्ट्र के बारामती व राहुरी विधानसभा उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है. 

 

 

इसी बीच खबर सामने आई है कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक मतदान केंद्र पर ईवीएम खराब होने के कारण मतदान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा. बूथ नंबर 156 पर तकनीकी दिक्कत के चलते वोटिंग बाधित हुई है.

 

वहीं, पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले में जितुसोल प्राइमरी स्कूल के पास स्थित एक मतदान केंद्र के इलाके में एक हाथी घुस आया है, जिसकी वजह से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

 

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और नंदीग्राम व भवानीपुर विधानसभा सीटों से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला. भवानीपुर विधानसभा सीट से सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ सीएम ममता बनर्जी चुनाव लड़ रही हैं.

 

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने तमिलनाडु के शिवगंगा जिले के कराईकुडी स्थित एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला. एनटीके प्रमुख सेंथमिझन सीमान ने नीलंकरई के एक मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. 

 

तमिलनाडु में इस बार 5.73 करोड़ मतदाता 4023 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे. वहीं पश्चिम बंगाल के पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हो रहा है, जहां 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता 1478 उम्मीदवारों के भविष्य का निर्णय करेंगे.

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मतदाताओं से उत्साहपूर्वक मतदान करने की अपील की है. उन्होंने अपने संदेश में कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी नागरिक बढ़-चढ़कर भाग लें. खासतौर पर युवाओं और महिलाओं से बड़ी संख्या में वोट डालने का आग्रह किया गया है.

 

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि राज्य में माताओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लोगों को अधिक से अधिक मतदान करना चाहिए. उन्होंने इस चुनाव को पश्चिम बंगाल के वर्तमान और भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मजबूत नेतृत्व वाली सरकार की जरूरत पर जोर दिया.

 

 

वहीं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने भी मतदाताओं से ‘मां, माटी और मानुष’ के सम्मान और सुरक्षा के लिए वोट करने की अपील की है. पार्टी ने लोगों से गर्व के साथ मतदान केंद्रों पर जाकर अपने अधिकार का प्रयोग करने को कहा है.

 

 

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत जिन 16 जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें कूचबिहार, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग, दार्जिलिंग, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, पश्चिम बर्धमान, बांकुड़ा, पुरुलिया, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व मेदिनीपुर और झाड़ग्राम शामिल हैं.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//