Shambhu Kumar
Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले की जैतगढ़-हाटगम्हरिया मुख्य मार्ग पर स्थित एक खेत से गुरुवार को भालू का शव मिला है. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया है. वहीं आसपास के गांवों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है.
बताया जाता है कि गुरुवार को कुछ ग्रामीण धान की कटाई करने के लिए खेत की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर जैतगढ़ हाई स्कूल और छनपदा गांव के बीच स्थित खेत में पड़े एक मृत भालू पर पड़ी. खेत में भालू का शव मिलने की खबर सुनकर स्थानीय ग्रामीणों के अलावा आसपास के गांवों से भी लोग घटनास्थल पर पहुंच गए.
इसके बाद ग्रामीणों ने जगन्नाथपुर थाना और वन विभाग को इसकी सूचना दी. हालांकि खबर लिखे जाने तक वन विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे. ग्रामीणों के बीच भालू की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. फिलहाल भालू की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. इधर वन विभाग की टीम मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है.

