Patna: भारी बारिश के बाद सोन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है. रविवार की रात जहां नदी का जलस्तर बढ़कर 3 लाख क्यूसेक पहुंचा था, वहीं अब इसे भी पार कर 5 लाख क्यूसेक तक पहुंच गया है. बढ़े जलस्तर की वजह से सोन से जुड़े सभी तटबंधों पर काफी दबाव उत्पन्न हो गया है. वहीं रोहतास के इंद्रपुरी बराज के सभी 69 गेट खोल दिए गए. सोन नदी में अप्रत्याशित जलस्राव को देखते हुए जलसंसाधन विभाग भी नजर रखे हुए है. हालात देखते हुए विभाग ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है. वहीं सोन के तटबंध की रात्रि पेट्रोलिंग शुरू कर दी गई है. विभाग ने तटबंध में रिसाव और कटाव की स्थिति में तत्काल मुख्यालय को सूचित करने का निर्देश इंजीनियरों व तटबंध सुरक्षाकर्मियों को दिया है. मुख्यालय स्थित बाढ़ कंट्रोल रूम हर घंटे रिपोर्ट ले रहा है. सोन से जुड़े नहरों में भी काफी पानी बढ़ गया है. इधर, सोन के उफनाने से रविवार देर रात से पटना के दीघा से लेकर मुंगेर तक गंगा के जलस्तर में भी तेजी से वृद्धि हो रही है. इससे तटीय इलाके के लोग भयभीत हैं.
पांच वर्षों से सूखी कररुआ नदी में पानी आने से फसल डूब गई
सोन का जलस्तर बढ़ने से बिहार-झारखंड की सीमा पर स्थित मधुकूपीया, अमहुआ व नावाडीह खुर्द सोनडीला पर पानी चढ़ गया है. इससे टीले पर करीब पचास लोग फंसे हैं. नावाडीह खुर्द के ग्रामीण ने बताया कि छाती तक पानी आ गया है. इधर, सीओ हिंदुजा भारती ने कहा कि एसडीआरएफ को सूचना दी गई है. झारखंड में मूसलाधार बारिश के बाद पांच वर्षों से सूखी कररुआ नदी में रविवार सुबह बाढ़ का पानी आने से 300 एकड़ में लगी फसल डूब गई. रेड़बिगहा रसलपुर के बीच में बने बियर में पानी के दबाव से सभी फॉलिंग शटर गिरा दिये गये. जिसके कारण बहरामपुर छाती पंचायत के अरमल, बलवापर, बरही बिगहा, सिमाड़ी में तीन सौ एकड़ का धान का फसल डूब गया. जबकि पिछले पांच वर्षों से कररुआ नदी सूखी थी. किसान को ऐसी पानी का अंदाजा नहीं था.
पुनपुन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है
वहीं पुनपुन के श्रीपालपुर में रविवार शाम छह बजे तक पुनपुन नदी का जलस्तर खतरे के निशान 50.60 मीटर से 1.67 सेंटीमीटर नीचे दर्ज किया गया. पुनपुन बाढ़ नियंत्रण के कनीय अभियंता राहुल कुमार ने बताया कि पुनपुन नदी का जलस्तर शाम छह बजे 48.93 मीटर दर्ज किया गया है. उधर, अनुमंडल के नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुये संबंधित पदाधिकारयों को अलर्ट मोड में रहने व सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है. दरधा नदी में सोमवार के दोपहर तक पानी आने की सम्भावना है. जिस पर हमारी नजर है.
इसे भी पढ़ें - JSSC">https://lagatar.in/jssc-told-the-high-court-merit-list-and-cut-off-marks-of-teacher-appointment-examination-will-be-released-on-the-website/">JSSCने हाईकोर्ट को बताया- वेबसाइट पर जारी किया जाएगा शिक्षक नियुक्ति परीक्षा का मेरिट लिस्ट व कट ऑफ मार्क्स [wpse_comments_template]
Leave a Comment