Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, रांची समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, जमकर गरजे बादल

Ranchi : राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में सोमवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली है. दिनभर तेज धूप के बाद अचानक दोपहर में आसमान में घने बादल छा गए और झमाझम बारिश शुरू हो गयी है. बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं भी चल रही है. इससे तेज धूप और उमस से लोगों को राहत मिली है. बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही रांची समेत कई जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की थी.

 

मौसम विभाग ने इन जिलों में जताई थी बारिश की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, झारखंड के चतरा, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़ और रांची जिले के कई भागों में मेघ गर्जन , वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना जताई थी. इसके अलावा गुमला, खूंटी और सरायकेला-खारसावां जिले में भी कहीं-कहीं भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई थी. 

 

मॉनसून की दस्तक के बाद भारी बारिश से मची तबाही

गौरतलब है कि 17 जून को झारखंड में मॉनसून की एंट्री के साथ तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया था. कई जगह घरों में पानी भर गया था. नदियां उफान पर थीं और सड़कों पर जलजमाव से लोगों को खासी परेशानी हुई थी. लगातार तीन दिनों तक भारी बारिश के बाद शुक्रवार और शनिवार को राहत मिली थी. लेकिन रविवार से फिर झारखंड के कई जिलों में वज्रपात, तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हो रही है.   

 

राज्य में मॉनसून सक्रिय , 24 से 26 जून तक भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है. पिछले कुछ दिनों से राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 24 से 25 जून तक दक्षिणी और उत्तर-पश्चिमी झारखंड में और 26 जून को राज्यभर में भारी बारिश की संभावना जताई है. आईएमडी के अनुसार, 24 और 25 जून को दक्षिणी झारखंड (पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां) और उत्तर-पश्चिमी जिलों (पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा) में भारी बारिश होगी. इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 26 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में वज्रपात और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. 

 

रविवार की बारिश ने बढ़ाई मॉनसून की सक्रियता

पिछले 24 घंटों में राज्य में मॉनसून की गतिविधि थोड़ी धीमी रही, लेकिन रविवार की बारिश ने फिर से सक्रियता बढ़ा दी है. राज्य के लगभग सभी हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई है. सबसे अधिक वर्षा दुमका में 37.2 मिमी रिकॉर्ड की गई. राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पाकुड़ में 36.9 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के नामकुम में 22 डिग्री सेल्सियस रहा. रांची में अधिकतम तापमान 30.3 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही