Jamshedpur: जिले के बहरागोड़ा बाजार क्षेत्र और आसपास के इलाकों में पिछले तीन महीनों से एक जंगली बंदर के आतंक से इलाके में दहशत का माहौल है. इस बंदर का आतंक नवंबर 2025 से बदस्तूर जारी है. अब तक लगभग 70 लोगों को बंदर अपना शिकार बना चुका है,जिससे पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल है.
बंदर का हमला इतना आक्रामक है कि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं. स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद,जख्मों की गंभीरता को देखते हुए कई परिजन अपने मरीजों को बेहतर इलाज के लिए पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल और ओडिशा के बड़े अस्पतालों में ले जाने को मजबूर हैं. घायलों में बच्चों व महिलाओं की संख्या अधिक है. अब लोग घर से बाहर निकलने से भी कतरा रहे हैं.
बता दें, बहरागोड़ा एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, लेकिन बंदर के डर से बाजार की रौनक पर भी असर पड़ा है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि बंदर अचानक छतों या पेड़ों से कूदकर राहगीरों पर हमला कर देता है. लोग अब लाठी-डंडे लेकर घर से बाहर निकलने को मजबूर हैं. साथ ही इलाके के लोगों में वन विभाग के प्रति भारी नाराजगी है. ग्रामीणों ने मांग की कि वन विभाग बंदर को पकड़ने के लिए विशेष इंतजाम करें, और उसे उसके प्राकृतिक आवास (जंगल) में पहुंचाए. ताकि लोगों में बंदर का आतंक न हो.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment