Ramgarh News: गिद्दी–नया मोड़ सड़क पर ओरला घाटी के समीप सोमवार शाम सड़क हादसे में एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि एक टर्बो वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो सवार महिला की जान चली गई. मृतका की पहचान बड़का चुंबा निवासी जीतन साव की पत्नी एवं बिरू साव की मां के रूप में हुई है.
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटना में शामिल टर्बो वाहन को पकड़ लिया और सड़क पर जाम लगा दिया. सड़क जाम के कारण आवागमन प्रभावित हो गया. जाम हटाने पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के विरोध के कारण बेरंग लौटना पड़ा.
इसे भी पढ़ें:
हादसे के बाद ग्रामीणों ने रामगढ़ के उपायुक्त से सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर इस सड़क पर और कितनी जानें जाने के बाद प्रशासन की नींद खुलेगी? ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या और लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है. लोगों ने सड़क की स्थिति में सुधार और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की.
इस हादसे ने एक बार फिर गिद्दी–नया मोड़ सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था और सड़क निर्माण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि बार-बार हादसे होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है.
ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन तत्काल पहल कर सड़क की समस्या का समाधान करे, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दुख न झेलना पड़े.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

