Bokaro News: बोकारो के चास थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर लाखों रुपये के जेवरात लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. दो संदिग्धों ने खुद को चायपत्ती बेचने वाला बताकर महिला को अपने झांसे में लिया और वारदात को अंजाम दिया.
इसे भी पढ़ें:
चास थाना क्षेत्र की शिव शक्ति कॉलोनी में 68 वर्षीय हीरामणि देवी के साथ कथित तौर पर लूट की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच दो लोग चायपत्ती बेचने के बहाने महिला के घर पहुंचे.
बताया जा रहा है कि दोनों ने महिला को चायपत्ती जैसा दिखने वाला एक पाउडर खाने के लिए दिया. पाउडर खाने के बाद महिला की हालत ऐसी हो गई कि उन्हें आसपास हो रही गतिविधियों का ठीक से एहसास नहीं रहा और बोलने-समझने की क्षमता भी प्रभावित हो गई.
आरोप है कि इसी दौरान दोनों बदमाशों ने महिला के गले से मंगलसूत्र और कान की बालियां निकाल लीं. साथ ही करीब 3.5 लाख रुपये के सामान/नकदी की लूट की बात सामने आ रही है. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों संदिग्ध इससे पहले कॉलोनी के कई घरों में चायपत्ती बेचने के नाम पर पहुंचे थे, लेकिन वहां लोग उनके झांसे में नहीं आए.
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है. अब पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान और तलाश में जुटी है. मामले की जांच के बाद ही लूटे गए सामान और घटना के पूरे विवरण की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

