Search

 
 
 

Jamshedpur News: मानगो पुल पर महिला को नदी में कूदने से बचाया, स्थानीय लोगों की सतर्कता से टला हादसा

मानगो थाना क्षेत्र स्थित मानगो पुल पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब एक महिला स्वर्णरेखा नदी में कूदने के इरादे से पुल पर पहुंच गई.
 

Jamshedpur: मानगो थाना क्षेत्र स्थित मानगो पुल पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब एक महिला स्वर्णरेखा नदी में कूदने के इरादे से पुल पर पहुंच गई. मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से महिला को सुरक्षित बचा लिया गया.

 


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला कुछ समय तक पुल के किनारे खड़ी रही और उसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं. लोगों को आशंका हुई कि वह कोई गलत कदम उठा सकती है. इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और महिला को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले गए. साथ ही घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.

 


सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ थाने ले गई. वहां पुलिस ने उससे पूछताछ की, लेकिन उसने नदी में कूदने की कोशिश के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला और उसके परिवार से संपर्क कर पूरी जानकारी जुटाई.

 


जांच के दौरान महिला के पति ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी ने फोन पर उन्हें जल्दी घर आने और खाना तैयार रखने की बात कही थी. जब वह घर पहुंचे तो पत्नी घर पर नहीं मिली. उन्होंने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद था. इसी बीच पुलिस से सूचना मिलने पर उन्हें पूरी घटना की जानकारी मिली.

 


पूछताछ और आवश्यक जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया. स्थानीय लोगों की सतर्कता और समय पर पुलिस की कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही