Ramgarh: विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर भुरकुंडा स्थित श्री अग्रसेन स्कूल में बुधवार को कैंसर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन सीसीएल अरगड्डा क्षेत्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जेड.आई खान, विद्यालय के निदेशक प्रवीण राजगढ़िया, प्राचार्य विवेक प्रधान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
बीमारी अचानक नहीं होती
सेमिनार को संबोधित करते हुए डॉ खान ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी अचानक नहीं होती, बल्कि हमारा शरीर पहले ही कई संकेत देता है, जिन्हें हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं. यही लापरवाही आगे चलकर बीमारी को गंभीर बना देती है. उन्होंने कैंसर स्क्रीनिंग और नियमित स्वास्थ्य जांच पर जोर देते हुए कहा कि समय पर पहचान होने से इलाज संभव हो जाता है. इसलिए कैंसर से डरने की नहीं, बल्कि उसे समझने की आवश्यकता है.

तेजी से बढ़ रहे ओरल कैंसर
डॉ खान ने विशेष रूप से छात्राओं को स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर के प्रति सजग रहने की सलाह दी. साथ ही उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित व्यायाम और योग को जीवन का हिस्सा बनाने की बात कही. उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में ओरल कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिनका मुख्य कारण पान, गुटखा और तंबाकू का सेवन है. स्वस्थ आदतें कैंसर से बचाव की सबसे बड़ी ढाल होती है.
स्वच्छता पर ध्यान देने की अपील
उन्होंने हैंडवॉशिंग, संतुलित आहार, मजबूत इम्युनिटी, स्वस्थ जीवनशैली और स्वच्छता पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि इन आदतों को अपनाने में कोई खर्च नहीं आता, लेकिन इससे कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है.
लक्षणों को नजरअंदाज न करें
विद्यालय के निदेशक प्रवीण राजगढ़िया ने कहा कि जब हम छोटे-छोटे लक्षणों को नजरअंदाज करते हैं, तब वही समस्या आगे चलकर बड़ी बन जाती है. स्वस्थ आदतें, नशे से दूरी और समय पर जांच कोई बोझ नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा हैं. यदि हम आज सजग होंगे, तो कल अपने किसी प्रिय को पीड़ा से बचा सकेंगे. धन्यवाद ज्ञापन मुख्तार सिंह ने दिया. इस अवसर पर करुणा राजगढ़िया, दीपिका तिवारी, साधना सिन्हा, कुमुल कुमार, नीलू श्रीवास्तव, विजय शर्मा, प्रियंका सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें



Leave a Comment