Search

 
 
 

Garhwa News: जान की गुहार लगाता रहा युवक, बदमाशों ने कनपटी पर सटाकर मारी गोली

गढ़वा जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह बाइक सवार एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात सालो जंगल के ललमटिया मोड़ के पास हुई.
 
गढ़वा जिला की खबरें

Garhwa: गढ़वा जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह बाइक सवार एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात सालो जंगल के ललमटिया मोड़ के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों के सामने युवक अपनी जान बचाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन बदमाशों ने उसकी कनपटी पर गोली मार दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

Uploaded Image

मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीपक कुजूर के रूप में हुई है. वह मूल रूप से सिमडेगा जिले का रहने वाला था और वर्तमान में रामकंडा थाना क्षेत्र के बरवा गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहा था.

इसे भी पढ़ें: 

जानकारी के अनुसार, दीपक अपनी अपाचे बाइक से बड़गड़ की ओर से भंडरिया जा रहा था. इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उसका पीछा किया. ललमटिया मोड़ के पास दोनों ने उसे रोक लिया. इसके बाद कुछ देर तक वहां विवाद हुआ और फिर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी.

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीपक ने हमलावरों से जान बख्शने की गुहार लगाते हुए कहा, ‘हम दे देंगे सर, मत मारिए.’ बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पहले हवा में फायरिंग की और इसके बाद युवक की कनपटी में गोली मार दी. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मुख्य सड़क से ही फरार हो गए.

 

घटना की सूचना मिलते ही बड़गड़ थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल भंडरिया अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

 

पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की अपाचे मोटरसाइकिल, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए हैं.

 

घटना की सूचना मिलने के बाद रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में लेन-देन से जुड़े विवाद की आशंका सामने आ रही है. हालांकि हत्या की असली वजह का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.

 

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर हत्यारों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही