Search

 
 
 

Dhanbad News: पेपर लीक, बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ युवा कांग्रेस का आक्रोश मार्च, केंद्र सरकार पर साधा निशाना

पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सोमवार को धनबाद जिला युवा कांग्रेस ने आक्रोश मार्च निकाला.
 

Dhanbad: पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सोमवार को धनबाद जिला युवा कांग्रेस ने आक्रोश मार्च निकाला. सैकड़ों की संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और नेताओं ने IIT-ISM परिसर के समीप से पैदल मार्च शुरू किया जो विभिन्न मार्गों से होते हुए रणधीर वर्मा चौक पहुंचा और नुक्कड़ सभा आयोजित कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया.

 

 

मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की. सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने लगातार हो रहे पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा. साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई.

 

 

इस कार्यक्रम में शामिल युवा कांग्रेस की झारखंड सह-प्रभारी प्रीति मांझी ने कहा कि देश का युवा आज गंभीर संकट से गुजर रहा है. एक ओर पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है वहीं दूसरी ओर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक की घटनाएं उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं. उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस हमेशा युवाओं की आवाज बनकर उनके अधिकारों और भविष्य की लड़ाई लड़ती रहेगी. उन्होंने यह भी बताया कि कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को भी शामिल होना था लेकिन अपरिहार्य कारणों से उनका कार्यक्रम स्थगित हो गया.

 

 

वहीं झारखंड युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव और जिला अध्यक्ष आदित्य आनंद ने कहा कि परीक्षा में पेपर लीक होना लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ सीधा अन्याय है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और NTA की लापरवाही के कारण छात्रों का भरोसा परीक्षा प्रणाली से उठता जा रहा है. उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के सपनों को बार-बार झटका लग रहा है जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता.

 


सभा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के युवाओं को रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है. यदि युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक आंदोलन को और तेज करेगी. आक्रोश मार्च और नुक्कड़ सभा में युवा कांग्रेस के जिला एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए. पूरे कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की गई और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही