Shambhu Kumar
Chakradharpur: पश्चिमी सिंहभूम जिला की मनोहरपुर प्रखंड की चिरिया पंचायत के टिमरा गांव में सर्पदंश से 39 वर्षीय टापू पूर्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई. बताया जाता है कि टापू पूर्ति अपने घर में जमीन पर सोया हुआ था. शनिवार तड़के करीब 3 बजे भोर में एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया.
इसे भी पढ़ें:
सांप काटने के बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, तो परिजनों ने अस्पताल ले जाने के बजाय घर पर ही झाड़-फूंक से उसका इलाज शुरू कर दिया. झाड़-फूंक के बावजूद जब दोपहर तक उसकी हालत ज्यादा बिगड़ने लगी, तब परिजन उसे दोपहर 12 बजे के बाद इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे.
सीएचसी में डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया. मामले पर सीएचसी में तैनात चिकित्सक ने बताया कि मरीज को काफी देर से और नाजुक हालत में अस्पताल लाया गया था. डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन शरीर में जहर फैल जाने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

