Ranchi News: युवा राष्ट्रीय जनता दल, झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव के नेतृत्व में मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों के साथ बैठक हुई. इसमें खिलाड़ियों ने खेल के क्षेत्र में आ रही समस्याओं, संसाधनों की कमी और आर्थिक कठिनाइयों से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में वुशु की अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता तनुश्री द्विवेदी, राष्ट्रीय पदक विजेता ध्रुव द्विवेदी, एथलेटिक्स के राष्ट्रीय खिलाड़ी अनूप यादव, अमरदीप, सुनील यादव, रोशन साहू और अंकित टोप्पो सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ी शामिल हुए. इसके अलावा आशीष पांडेय, रोहित राय, आकाश साहू, रेना कुमारी, अंजली कुमारी, मंजू मलिक, अलका कुमारी, पवन यादव, हर्ष रॉय, सुमित कुमार और अंजली तिर्की भी मौजूद रहे.
रंजन यादव ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी सीमित संसाधनों के बावजूद जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब राज्य के खिलाड़ी देश और झारखंड के लिए पदक जीत सकते हैं, तो सरकार की जिम्मेदारी है कि उन्हें मैदान, उपकरण, प्रशिक्षण, यात्रा, आवास और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.
बैठक के बाद युवा राजद ने खिलाड़ियों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया.
खिलाड़ियों की प्रमुख मांगें
मैदान और स्टेडियम में अभ्यास व प्रवेश के लिए लिया जाने वाला शुल्क पूरी तरह माफ किया जाए.
जिला, राज्य, राष्ट्रीय और इंटर यूनिवर्सिटी स्तर के खिलाड़ियों को आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध कराए जाएं.
प्रतियोगिताओं में जाने वाले खिलाड़ियों का यात्रा, आवास और अन्य आवश्यक खर्च सरकार वहन करे.
राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को नियमित छात्रवृत्ति दी जाए.
खिलाड़ियों के लिए मेडिकल और स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं.
प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर कोचिंग, प्रशिक्षण और प्रतियोगिता की तैयारी के लिए सरकारी सहयोग मिले.
रंजन यादव ने कहा कि युवा राष्ट्रीय जनता दल खिलाड़ियों की आवाज को सरकार तक पहुंचाने के साथ-साथ उनके अधिकार और सम्मान के लिए मजबूती से खड़ा रहेगा.
बैठक में प्रदेश महासचिव क्षितिज मिश्रा, प्रदेश महासचिव कमलेश यादव, रांची महानगर अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह, महानगर उपाध्यक्ष टोनी कुमार, बबलू मंडल, आनंद कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

