Search

 
 
 

सीएम हेमंत से मिले 10 बाल पत्रकार, बाल अधिकारों समेत अन्य मुद्दों पर हुई चर्चा

बच्चों ने बताया कि वे बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने तथा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम कर रहे हैं. उन्होंने स्वस्थ खानपान और बचपन में होने वाली गैर संचारी बीमारियों की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की जानकारी भी दी.
 
सीएम के साथ बाल पत्रकार

Ranchi: विश्व बाल दिवस के अवसर पर यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात की. इस दौरान बच्चों ने बाल अधिकार, शिक्षा, बाल विवाह, बाल श्रम, माहवारी स्वच्छता, जलवायु परिवर्तन और बच्चों के स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री के साथ संवाद किया. बाल पत्रकारों ने अपने स्कूल और समुदाय में जागरूकता के लिए किए गए प्रयासों और अनुभवों को भी साझा किया.


बच्चों ने बताया कि वे बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने तथा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम कर रहे हैं. उन्होंने स्वस्थ खानपान और बचपन में होने वाली गैर संचारी बीमारियों की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की जानकारी भी दी.


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं. उनकी आवाज और विचारों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए. सरकार सभी बच्चों को सुरक्षित वातावरण, बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से शैक्षणिक स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है. शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के मुद्दे की समीक्षा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा. सरकारी स्कूलों में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाने की दिशा में भी काम हो रहा है.

इसे भी पढ़ें - 


उन्होंने बताया कि जिलास्तर पर पुस्तकालयों का निर्माण कराया जा रहा है. अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक दिन बिताकर विद्यार्थियों से संवाद करने का निर्देश दिया गया है. बाल विवाह को सामाजिक और कानूनी अपराध बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की शादी निर्धारित उम्र के बाद ही होनी चाहिए. स्कूलों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाने के साथ बच्चियों और महिलाओं को सैनिटरी पैड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं.


मुख्यमंत्री ने बाल पत्रकारों के आत्मविश्वास और जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि जिस स्पष्टता से बच्चे अपने अधिकारों की बात रख रहे हैं, उससे भविष्य में उनके बेहतर नेतृत्वकर्ता बनने की उम्मीद है. यूनिसेफ के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों के विचारों से उनकी वास्तविक समस्याओं और सरकारी योजनाओं के प्रभाव को समझने में मदद मिलती है.


इस अवसर पर यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि उनके जीवन से जुड़े निर्णयों में भागीदार बनाया जाना चाहिए. बाल पत्रकार कार्यक्रम बच्चों को जानकारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व का मंच उपलब्ध करा रहा है.
यूनिसेफ की कम्युनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि गरीबी, भौगोलिक परिस्थितियां और लैंगिक असमानता आज भी बच्चों के विकास में बाधा हैं. बच्चों में आज किया गया निवेश समाज के बेहतर भविष्य की नींव बनेगा.


कार्यक्रम में बाल पत्रकार सोनू उरांव, खुशबू कुमारी, तनु कुमारी, सोफिया नुजहत, प्रियांशी बरदियार, सूरज प्रताप सिंह, पल्लवी कुमारी, साक्षी कुमारी, पंकज कुमार और प्रियांशी कुमारी सहित एनबीजेके की सुष्मिता भट्टाचार्य और विवेक कुमार उपस्थित थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही