Search

 
 
 

Jamshedpur News : रिम्स जमीन घोटाले में गिरफ्तार पूर्व LRDC मनोज कुमार के मानगो स्थित आवास पर ACB का छापा

Jamshedpur News: रिम्स जमीन घोटाला कुल 9.65 एकड़ अधिग्रहित जमीन की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़ा है. इसमें रांची के मोरहाबादी मौजा की आठ एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है.
 
पूर्व एलआरडीसी मनोज कुमार के मानगो स्थित आवास पर पहुंची एसीबी की टीम.

Jamshedpur News : रांची के चर्चित रिम्स जमीन घोटाले में गिरफ्तार तत्कालीन एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन के खिलाफ एसीबी ने जांच तेज कर दी है. एसीबी की टीम ने शुक्रवार की सुबह जमशेदपुर के मानगो के सन सिटी स्थित मनोज कुमार रंजन के आवास पर छापेमारी की. टीम सुबह करीब छह बजे उनके आवास पहुंची और अंदर रखे जमीन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य कागजातों की जांच शुरू की.

 

इसे भी पढ़ें


छापेमारी में कौन-कौन दस्तावेज बरामद हुए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. ज्ञात हो कि रिम्स की जमीन की अवैध खरीद-बिक्री और सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर के मामले में एसीबी ने मंगलवार की रात तत्कालीन एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन समेत छह अधिकारियों को गिरफ्तार किया था. बुधवार को सभी को रांची स्थित एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें होटवार जेल भेज दिया गया.


गिरफ्तार अधिकारियों में रांची सदर के तत्कालीन एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन, तत्कालीन सब रजिस्ट्रार अविनाश कुमार, वैभव मणि त्रिपाठी और राहुल कुमार चौबे, बड़गाईं अंचल के तत्कालीन सीओ शैलेश कुमार और शहर अंचल के तत्कालीन सीओ राजेश कुमार शामिल हैं.


मनोज कुमार रंजन आईएएस में प्रोन्नत अधिकारी हैं और गिरफ्तारी से पहले शिक्षा विभाग में निदेशक के पद पर पदस्थापित थे. एसीबी की ओर से गिरफ्तार किए गए वे झारखंड के तीसरे आईएएस अधिकारी हैं.


गौरतलब है कि रिम्स जमीन घोटाला कुल 9.65 एकड़ अधिग्रहित जमीन की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़ा है. इसमें रांची के मोरहाबादी मौजा की आठ एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है.


 आरोप है कि रिम्स के लिए अधिग्रहित उक्त जमीन पर निजी दावेदारी करने के लिए फर्जी दस्तावेज और वंशावली तैयार की गई. इसके बाद सरकारी अभिलेखों में हेरफेर कर जमीन की खरीद-बिक्री की गई. इसी मामले की जांच के तहत एसीबी अब गिरफ्तार अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी कर जमीन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही