Giridih News : रांची स्थित रिम्स की अधिग्रहित 9.65 एकड़ जमीन से जुड़े घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) रांची के अलावा गिरिडीह में भी छापेमारी की. एसीबी की टीम पूर्व बड़गाईं अंचलाधिकारी (CO) शैलेश कुमार के नगर थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित आवास पहुंची और करीब 5 घंटे तक तलाशी ली. सुरक्षा के मद्देनजर आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की थी.

इसे भी पढ़ें
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला रिम्स के लिए अधिग्रहित 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है. इसमें मोरहाबादी मौजा की करीब 8 एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है. इस जमीन की अनुमानित कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है.
आरोप है कि रिम्स के विस्तार के लिए अधिग्रहित जमीन को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों और सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर कर निजी संपत्ति के रूप में दर्ज कराने तथा उसकी खरीद-बिक्री करने की कोशिश की गई. जमीन के एक हिस्से पर अवैध निर्माण भी कराया गया था, जिसे बाद में न्यायिक आदेश के तहत हटाया गया.
इसे भी पढ़ें
ACB इसी घोटाले की जांच के तहत गिरफ्तार आईएएस मनोज कुमार रंजन, एसडीओ मनोज कुमार, पूर्व बड़गाईं सीओ शैलेश कुमार समेत सात अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है. टीम जमीन की रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज, पावर ऑफ अटॉर्नी और राजस्व रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है.
गौरतलब है कि इस मामले में एसीबी ने 17 नवंबर की रात आईएएस मनोज कुमार रंजन समेत छह पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया था. वहीं, गुरुवार को बेरमो एसडीओ मनोज कुमार को भी गिरफ्तार किया गया. आरोप है कि मोरहाबादी और कोकर में रिम्स के लिए अधिग्रहित जमीन को फर्जी दस्तावेजों और सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर कर निजी संपत्ति के रूप में दिखाने की कोशिश की गई थी.



