Godda News : महागामा विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को सिविल सेवा में जाने का अवसर देने के लिए ‘प्रियदर्शिनी प्रतिभा योजना’ की शुरुआत की गई है. इसके तहत चयनित 100 युवाओं को IAS, IPS, IRS, IFS सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी.
इसे भी पढ़ें...
त्विषा फाउंडेशन के प्रायोजन और अयांश द सिविल सर्विसेज के सहयोग से शुरू इस योजना का उद्घाटन इंदिरा गांधी की जयंती पर महागामा के गोविंदपुर में किया गया. गोड्डा डीडीसी वीएस यशवंत सहित अन्य अतिथियों ने इसका शुभारंभ किया.
उद्घाटन समारोह में डीडीसी वीएस यशवंत ने कहा कि शिक्षा में निरंतरता ही सफलता का मंत्र है. युवाओं को अपना लक्ष्य निर्धारित कर नियमित पढ़ाई करनी चाहिए. परीक्षा से घबराने की जरूरत नहीं है. चुनौतियों और असफलताओं से सीख लेते हुए आगे बढ़ना चाहिए. मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प से सफलता हासिल की जा सकती है.
राज्य की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह की पहल पर योजना के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी. 25 जुलाई से 5 अगस्त के बीच विधानसभा क्षेत्र के 10 से 15 स्कूलों और कॉलेजों में सेमिनार, काउंसलिंग और जागरूकता कार्यक्रम हुए.
योजना के लिए 700 युवाओं ने आवेदन किया था. इनमें 500 अभ्यर्थी 16 अगस्त को आयोजित चयन परीक्षा में शामिल हुए. 25 अगस्त को परीक्षा परिणाम जारी किया गया. इसके बाद 7 से 14 सितंबर तक इंटरव्यू आयोजित हुआ. पूरी प्रक्रिया के बाद 100 युवाओं का चयन किया गया.
चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा. इससे ग्रामीण क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को भी अपने क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का अवसर मिलेगा.
कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों ज्योति श्वेतलाना मरांडी, छोटी सिमरन, आयशा फिरदौस, अंजलि सिन्हा, करुणा केशरी और सानू कुमार शर्मा ने अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने कहा कि बड़े शहरों में सिविल सेवा की कोचिंग का खर्च उठाना उनके परिवारों के लिए संभव नहीं था. इस योजना से उन्हें अपने गृह क्षेत्र में ही अधिकारी बनने की तैयारी का अवसर मिला है.
मौके पर महागामा एसडीओ आलोक वरण केसरी, एसडीपीओ वरुण रजक, सीओ डॉ. खगेन महतो, बीडीओ सोनाराम हांसदा, अयांश के निदेशक राहुल कुमार एवं प्रियंका, जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्य हेनाफख, इंटर कॉलेज महागामा के प्राचार्य विभूति रंजन, सेंट माइकल स्कूल के प्राचार्य बीजू कंकल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

