Dhanbad News: धनबाद में होमगार्ड बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. जिला प्रशासन ने भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण को पूरा करते हुए 1066 अभ्यर्थियों के अंतिम चयन पर मुहर लगा दी है. मेडिकल जांच, आवासीय प्रमाणपत्रों की जांच और पुलिस चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद होमगार्ड नवनामांकन समिति ने यह निर्णय लिया है. चयनित अभ्यर्थियों की सूची शुक्रवार को जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी.
इसे भी पढ़ें:
उपायुक्त सह गृह रक्षक नवनामांकन समिति के अध्यक्ष आदित्य रंजन की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित समिति की बैठक में चयन प्रक्रिया की समीक्षा की गई. इसमें पहले चयनित 1096 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों, स्वास्थ्य संबंधी मानकों और पुलिस सत्यापन की रिपोर्ट पर विचार किया गया. सभी प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद 1066 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से चयनित किया गया.
डीसी आदित्य रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराया है. इसी मानक का पालन करते हुए मेडिकल जांच, आवासीय प्रमाणपत्रों की जांच और पुलिस चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई. सभी आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद निर्धारित मानकों पर खरे उतरने वाले अभ्यर्थियों का ही अंतिम चयन किया गया है.
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक चरण में 1096 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था. इसके बाद अनिवार्य जांच प्रक्रियाओं के आधार पर 1066 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है. चयन सूची जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी ताकि अभ्यर्थी अपना नाम देख सकें.
अंतिम रूप से चयनित सभी 1066 अभ्यर्थियों को आगामी प्रशिक्षण सत्र के लिए भेजा जाएगा. प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वे विधि-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा से जुड़े कार्यों में अपनी भूमिका निभाएंगे.जिला प्रशासन के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप पूरा किया गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

