Search

गढ़वा में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की बैठक, 13 मार्च के रांची प्रदर्शन को सफल बनाने की बनी रणनीति

Ranchi : 108 एंबुलेंस कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर गढ़वा जिले में कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक सदर अस्पताल परिसर में आयोजित की गई. बैठक में झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारियों ने भाग लिया और 13 मार्च को रांची में प्रस्तावित घेराव एवं महाप्रदर्शन को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई.

 

बैठक में कर्मचारियों ने बताया कि वर्तमान में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. कर्मचारियों का आरोप है कि प्रबंधन की ओर से वेतन भुगतान में देरी, मनमानी कटौती तथा अन्य आर्थिक विसंगतियों के कारण उनकी स्थिति काफी कठिन हो गई है. कर्मचारियों ने कहा कि परिवार चलाना, बच्चों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करना भी मुश्किल होता जा रहा है.

 

संघ के अनुसार सेवा संचालन संस्था सम्मान फाउंडेशन, पटना द्वारा श्रम कानूनों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा है. कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि 30 जुलाई 2025 को हुए समझौते समेत कई महत्वपूर्ण सहमतियों को भी लागू नहीं किया गया है.

 

कर्मचारियों ने PF और ESI में अनियमितताओं का भी मुद्दा उठाया. उनका कहना है कि फरवरी 2025 से अक्टूबर 2025 तक वेतन से PF और ESI की कटौती नहीं की गई. वहीं नवंबर माह में की गई कटौती की राशि भी कर्मचारियों के खातों में जमा नहीं कराई गई. दिसंबर माह में भी कटौती के बावजूद पूरी राशि जमा नहीं होने का आरोप लगाया गया है.

 

इसके अलावा वर्ष 2017 से 2023 तक सेवा देने वाले कर्मचारियों को अब तक ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं किया गया है. 100 किलोमीटर से अधिक IFT सेवा देने वाले कर्मचारियों को भोजन भत्ता और ओवरटाइम भी नहीं मिल रहा है.

 

बैठक में यह भी कहा गया कि इन समस्याओं को लेकर संघ की ओर से कई बार श्रमायुक्त और संबंधित विभागों को पत्र भेजकर समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 12 मार्च तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो 13 मार्च को राज्यभर के कर्मचारी श्रम भवन, डोरंडा, रांची के सामने घेराव और महाप्रदर्शन करेंगे.

 

बैठक में 13 मार्च के आंदोलन में अधिक से अधिक कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया और आंदोलन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी करने पर जोर दिया गया.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp