Ranchi: झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के नेतृत्व में 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों द्वारा 13 मार्च को श्रम भवन डोरंडा रांची के सामने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया. इस दौरान श्रम विभाग के अधिकारियों और संगठन के प्रतिनिधियों के बीच कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर विस्तृत वार्ता हुई.
वार्ता के दौरान संघ की ओर से कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को विस्तार से रखा गया. कर्मचारियों ने मनमानी वेतन कटौती, शोषण, भ्रष्टाचार और अन्य अनियमितताओं से जुड़े मामलों की जानकारी अधिकारियों को दी और संबंधित प्रमाण भी प्रस्तुत किए.
श्रम विभाग के अधिकारियों ने संघ की मांगों को गंभीरता से लेते हुए 7 से 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. इस दौरान निदेशक न्यूनतम मजदूरी, संयुक्त श्रमायुक्त सह अपर निबंधक श्रमिक संघ प्रदीप रोबर्ट लकड़ा ने श्रम अधीक्षक को मामले की तत्काल जांच करने का निर्देश दिया. साथ ही कहा गया कि यदि संबंधित कंपनी द्वारा सुधारात्मक कदम नहीं उठाए जाते हैं तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में यह भी मुद्दा उठाया गया कि जिन कर्मचारियों ने 5 वर्ष की सेवा पूरी कर ली है उन्हें पूर्व कंपनी जिकित्जा हेल्थ केयर लिमिटेड मुंबई द्वारा ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं किया गया है. इस मामले में कर्मचारियों से फॉर्म एन भरवाकर आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया.
वार्ता के बाद झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों को पूरी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि संगठन श्रम विभाग को 15 दिनों का समय देता है. यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई शुरू नहीं होती है तो संगठन दोबारा बड़ा आंदोलन करने और एम्बुलेंस सेवा को बाधित करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रबंधन की होगी.
नीरज तिवारी ने कर्मचारियों से अपील की कि फिलहाल सभी कर्मचारी अपने-अपने जिलों में लौटकर आपातकालीन 108 एम्बुलेंस सेवा को पहले की तरह जारी रखें. वार्ता में श्रम विभाग की ओर से प्रदीप रोबर्ट लकड़ा, उदय कुमार और एतवारी महतो उपस्थित रहे. संगठन की ओर से सुबोध कुमार यादव, नीरज तिवारी, मुकेश कुमार, दिनेश कुमार और रविन्द्र कुमार शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
धरना प्रदर्शन में भारतीय मजदूर संघ और एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के कई पदाधिकारी और सदस्य भी शामिल हुए. बड़ी संख्या में कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ आंदोलन का आयोजन किया गया. संगठन की ओर से आंदोलन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रशासन और सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment