Bihar News : सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विभाग ने तकनीकी कर्मियों की पदस्थापना की है. बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) की अनुशंसा के आधार पर राज्य के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में 792 ड्रेसर, 644 एक्स-रे टेक्निशियन और 24 फार्मासिस्टों को नियुक्ति के बाद पदस्थापित किया गया है. इससे पहले 846 फार्मासिस्टों को तैनाती दी जा चुकी है. इस तरह कुल 870 फार्मासिस्टों की पदस्थापना पूरी हो चुकी है.
इसे भी पढ़ें...
इनकी तैनाती से मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों के अलावा जिला अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रेफरल अस्पताल और अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में तकनीकी मानव संसाधन की कमी कम होने की उम्मीद है. खासकर एक्स-रे और जांच संबंधी सेवाओं को अधिक सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पदस्थापना प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के सॉफ्टवेयर के माध्यम से रैंडमाइजेशन किया गया. दिव्यांग अभ्यर्थियों को यथासंभव गृह जिले में पदस्थापित करने का प्रयास किया गया, जबकि महिला और पुरुष अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट के आधार पर आसपास के जिलों में तैनाती दी गई है.
सभी नवपदस्थापित कर्मियों को एक महीने के भीतर आवश्यक मूल प्रमाण-पत्रों के साथ संबंधित संस्थान में योगदान देने का निर्देश दिया गया है. स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने नवपदस्थापित कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी कर्मचारी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में योगदान देंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

