Ranchi News: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर और डिजिटल बनाने की तैयारी तेज हो गई है. सोमवार को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर समीक्षा बैठक हुई. बैठक में मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ मिशन, ICU, HMIS, CCTV, डैशबोर्ड और HRIS की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई.
बैठक में C-DAC के HMS सिस्टम की भी समीक्षा हुई. अपर मुख्य सचिव ने सिस्टम को अपडेट करने और रिम्स जाकर इसकी प्रगति देखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और डिजिटल पेमेंट की सुविधा 15 दिनों के अंदर शुरू की जाए. उन्होंने खुद भी रिम्स जाकर डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेने की बात कही.
इसे भी पढ़ें -
अस्पतालों में Wi-Fi की सुविधा बढ़ाने का भी निर्देश दिया गया. BSNL को राज्य के सभी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल, CHC और PHC में Wi-Fi सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया है. PHC स्तर पर इंटरनेट की स्पीड 2 Mbps से बढ़ाकर 20 Mbps करने का लक्ष्य रखा गया है.
BSNL ने बताया कि राज्य के 188 CHC में Wi-Fi सुविधा शुरू हो चुकी है. रामगढ़ में 7 सितंबर तक सभी PHC में 20 Mbps Wi-Fi उपलब्ध कराने का लक्ष्य है. जिन स्वास्थ्य केंद्रों में बिजली की समस्या है, वहां 48 घंटे का पावर बैकअप देने की व्यवस्था की जा रही है.
CHC में लग सकती है AI वाली टेली-ECG मशीन
बैठक में टेली-ECG मशीन का प्रदर्शन भी किया गया. छोटी और AI आधारित इस मशीन को CHC स्तर पर लगाने का प्रस्ताव है. इससे मरीजों की ECG रिपोर्ट गोल्डन ऑवर में तुरंत मिल सकेगी. रिपोर्ट मोबाइल के जरिए भी देखी जा सकेगी.
HRIS से जोड़ा जाएगा कर्मचारियों का मानदेय
बैठक में 104 पोर्टल के जरिए चल रहे Human Resource Information System यानी HRIS की भी समीक्षा की गई. 104 परियोजना के निदेशक ने अलग-अलग मॉड्यूल, उनकी कार्यप्रणाली, प्रगति और आगे की योजना की जानकारी दी.
अपर मुख्य सचिव ने सिस्टम की जल्द समीक्षा कर जरूरी सुधार करने और संबंधित विभागों के साथ मिलकर इसे लागू करने का निर्देश दिया. उन्होंने NHM के संविदाकर्मियों के मानदेय भुगतान को HRIS पोर्टल पर दर्ज और सत्यापित मासिक उपस्थिति से जोड़ने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा.
बैठक में NHM के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, संयुक्त सचिव दिनेश कुमार यादव, C-DAC, BSNL, भारतीय स्टेट बैंक और स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

