Gumla : जिले के दूर-दराज गांवों को बेहतर सड़क से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने 19.84 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है. इस राशि से कुरुमगढ़-उरूवाडीह-गुमला ग्राम लिंक पथ को मजबूत किया जाएगा और सड़क की खराब सतह को ठीक किया जाएगा.
पथ निर्माण विभाग ने जनजातीय क्षेत्र उपयोजना के तहत इस योजना को प्रशासनिक मंजूरी दी है. सड़क की कुल लंबाई 28.090 किलोमीटर है. यह सड़क कुरुमगढ़ से शुरू होकर उरूवाडीह और शहीद नयमन कुजूर गांव होते हुए परसा में गुमला-बांसडीह-कांसीर पथ से जुड़ेगी.
इस सड़क से चैनपुर, डुमरी और जारी प्रखंड के कई दूर-दराज के गांवों को गुमला जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क मिलेगा. करीब 15 गांवों के लोगों को इसका सीधा फायदा होगा. इन इलाकों में बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय के लोग रहते हैं.
अभी सड़क की ऊपरी सतह कई जगह खराब है. इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है. सड़क की मरम्मत और मजबूती के बाद आवागमन आसान होगा. लोगों को जिला मुख्यालय आने-जाने में भी सुविधा मिलेगी.
योजना को दो वित्तीय वर्षों में पूरा किया जाएगा. वर्ष 2026-27 में करीब 80 फीसदी काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए 1587.39 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. बाकी 20 फीसदी काम वर्ष 2027-28 में पूरा होगा, जिसके लिए 396.85 लाख रुपये का प्रावधान है.
काम की जिम्मेदारी गुमला पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को दी गई है. विभाग के मुख्य अभियंता हर महीने काम की प्रगति की समीक्षा करेंगे. सरकार ने काम को समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

