Jamtara News: जिले में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों के लिए राहत भरी खबर है. मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना और सर्वजन पेंशन योजना के तहत अक्टूबर 2026 की राशि लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी गई है. इसके अलावा केंद्र प्रायोजित विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभुकों को भी बकाया पेंशन राशि का भुगतान किया गया है.
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत भौतिक सत्यापन के बाद जिले की कुल 1,51,961 महिलाओं को 2,500 रुपये प्रति लाभुक की दर से अक्टूबर माह की सम्मान राशि PFMS/DBT के माध्यम से भेजी गई है. इस मद में कुल 37 करोड़ 99 लाख 2 हजार 500 रुपये का भुगतान किया गया है.
इसे भी पढ़ें:
वहीं, सर्वजन पेंशन योजना के तहत 1,07,116 लाभुकों को अक्टूबर माह की पेंशन राशि उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई है. इनमें मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के 80,897, निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना के 12,883, आदिम जनजाति पेंशन योजना के 1,214, एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायता पेंशन योजना के 75 तथा स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के 12,047 लाभुक शामिल हैं.
केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं की राशि भी जारी
राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के तहत भी जिले के 36,157 लाभुकों को पेंशन राशि हस्तांतरित की गई है. इसमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 30,297 लाभुकों को अप्रैल से जुलाई 2026 तक की चार माह की राशि के रूप में प्रति लाभुक 4,000 रुपये दिए गए हैं.
वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 4,869 लाभुकों को अप्रैल से सितंबर तक छह माह के लिए 6,000 रुपये प्रति लाभुक तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के 991 लाभुकों को जनवरी से जून तक छह माह की राशि के रूप में 6,000 रुपये प्रति लाभुक भुगतान किया गया है.
जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार, केंद्र प्रायोजित इन योजनाओं की राशि 21 नवंबर 2026 को राज्य स्तर से लाभुकों के खातों में भेजी गई है. सरकार की ओर से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पात्र लाभुकों को समयबद्ध आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

