Ranchi (Nucleus mall acquisition) : न्यूक्लियल मॉल खरीदने के बाद V A Discreet Pvt Ltd नामक कंपनी प्रवर्तन निदेशालय (ED) के जांच के दायरे में शामिल हो गयी है. न्यूक्लियस मॉल खरीदने से करीब 21 महीना पहले इस कंपनी का गठन हुआ था. इसमें चर्चित कोयला व्यापारी एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह और बेटा विवेक सिंह निदेशक है. एलबी सिंह और मॉल के पूर्व मालिक विष्णु अग्रवाल दोनों ही मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में ईडी जांच के दायरे में फंसे हुए हैं.
विष्णु अग्रवाल का न्यूक्लियस मॉल खरदीने वाली कंपनी V A Discreet Pvt Ltd का गठन आठ जनवरी 2025 को हुआ था. इस कंपनी में दो निदेशक हैं. निदेशक विवेक सिंह, चर्चित कोयला व्यापारी एलबी सिंह का बेटा है. कंपनी की दूसरी निदेशक आरती सिंह, एलबी सिंह की पत्नी है. कंपनी झारखंड में निबंधित है. कंपनी का पता शर्मा निवास, मकान नंबर 41, सरायढेला, धनबाद दर्ज है. दस्तावेज के अनुसार यह कंपनी तेल और गैस को छोड़कर अन्य खनिजों से जुड़े मामले में काम करती है. कंपनी ओवर बर्डन हटाने और माइनिंग साइट डेवलपमेंट जैसे काम भी करती है.
कंपनी का Authorised Capital और Paid-up Capital दोनों ही एक-एक लाख रुपये है. कंपनी के गठन के अलावा Authorised Capital और Paid-up Capital सिर्फ एक-एक लाख रुपये होने के बावजूद 375 करोड़ रुपये की लागत पर मॉल की खरीद को आर्थिक नजरिये से सही नहीं माना जा रहा है. इसलिए ईडी ने इसे भी जांच के दायरे में शामिल किया है. ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि इतने कम समय में V A Discreet Pvt Ltd ने 375 करोड़ कहां से जुटाये.
V A Discreet Pvt Ltd को जांच के दायरे में शामिल किये जाने का दूसरे कारण खरीद-बिक्री में शामिल दोनों ही पक्षों पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप होना है. न्यूक्लियस मॉल के पूर्व मालिक विष्णु अग्रवाल सेना की जमीन खरीद-बिक्री से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी के आरोपी है. ईडी द्वारा उनके खिलाफ Prosecution Complain दायर किया जा चुका है. जबकि एलबी सिंह के मामले में अभी जांच जारी है. एलबी सिंह पर कोयला घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है.
ईडी झारखंड और ईडी कोलकाता दोनों ही अपने-अपने क्षेत्राधिकार में कोयला घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रही थी. कोलकाता ईडी को ECL कोयला घोटाले की जांच में अनुप माझी उर्फ लाला का व्यापार क्षेत्र झारखंड में भी फैले होने के सबूत मिले थे. इसके बाद ईडी कोलकाता और ईडी झारखंड ने एक ही दिन अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े कोयला व्यापारियों के ठिकानों पर छापा मारा था. इसमें एलबी सिंह सहित कोयला के व्यापार से जुड़े अन्य लोगों को शामिल किया था. इसके बाद एलबी सिंह कोयला घोटाले के सहारे मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में फंसे.
छापेमारी के दौरान एलबी सिंह से जुड़े ठिकानों से 160 करोड़ रुपये के निवेश से संबंधित दस्तावेज मिले थे. ईडी ने निवेश की इस राशि को फ्रीज कर दिया है. कोयला घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच के दौरान एलबी सिंह, पत्नी आरती सिंह, भाई कुंभनाथ सिंह और साला विश्वविजय सिंह से पूछताछ हो चुकी है.
पूछताछ के पहले चरण में ईडी ने एलबी सिंह और कुंभनाथ सिंह के चल-अचल संपत्ति से संबंधित दस्तावेज मांगे थे. ईडी ने दस्तावेज जमा करने के लिए समय दिया था. लेकिन निर्धारित समय सीमा में दस्तावेज जमा नहीं करने की वजह से पिछले दिनों एलबी सिंह और कुंभनाथ सिंह को फिर समन भेजा गया था. लेकिन दोनों में से कोई हाजिर नहीं हुआ.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
