Search

झारखंड से अप्रैल माह में 1,570 हज यात्री जाएंगे मक्का

Ranchi : आजमीन-ए-हज 2026 की यात्रा 25 मई से शुरू हो रही है. झारखंड से 1,570 हज यात्रियों का जत्था 18 अप्रैल से पवित्र यात्रा पर रवाना होंगे. इन यात्रियों की चिकित्सीय जांच की प्रक्रिया सात फरवरी तक पूरी की जाएगी, जबकि आठ फरवरी से उनका टीकाकरण प्रारंभ किया जाएगा.

 

इस संबंध में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सह झारखंड राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को सभी जिलों के सिविल सर्जनों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में हज यात्रियों की मेडिकल जांच एवं टीकाकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए.

 

मंत्री ने सभी सिविल सर्जनों को निर्देश दिया कि प्रत्येक जिले में एक नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया जाए, ताकि सरकारी अस्पतालों में हज यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

 

बैठक के दौरान मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि हज यात्रा की प्रक्रिया समयबद्ध और अत्यंत संवेदनशील होती है, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय आवश्यक है.

 

उन्होंने निर्देश दिया कि शीघ्र ही सभी सिविल सर्जनों की बैठक आयोजित कर स्पष्ट गाइडलाइन जारी की जाए, जिससे चिकित्सीय जांच और टीकाकरण की प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके.

 

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हज पर जाने वाले सभी हाजियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

 

यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हज यात्रियों को किसी भी स्तर पर अव्यवस्था या परेशानी न हो. उन्होंने स्पष्ट किया कि आवश्यक चिकित्सीय जांच पूरी होने के बाद ही टीकाकरण एवं वीजा प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp