Ranchi News : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) की आर्चरी टीम के गठन के लिए शनिवार, 7 नवंबर को खेलगांव स्थित आर्चरी एक्सीलेंस सेंटर, स्पोर्ट्स एन्क्लेव में चयन प्रक्रिया आयोजित की गई. इसमें कुल 17 खिलाड़ियों का चयन किया गया.
चयनित खिलाड़ियों में अरविंद मुंडा, चांदनी, सूरजमणि, ऋषिका नाग, विशाल मुर्मू, दीप कुमार, अनुभव राज, देवाशीष सोरेन, ओम प्रकाश, रितेश नाग, एंजेल, राहुल, अनुपा, स्वीटी बक्सला, तारामुनि उरांव, पूजा और शीतल शामिल हैं.
चयन प्रक्रिया में कोच डी. साई स्वरी और करण करमकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इस दौरान विश्वविद्यालय के खेल व शारीरिक शिक्षा निदेशक डॉ. विनय भरत और पीटीआई प्रिया कुमारी भी मौजूद रहीं.
चयनित खिलाड़ियों को आने वाले दिनों में नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसके बाद अंतिम ट्रायल राउंड आयोजित किया जाएगा. इसके आधार पर 14 खिलाड़ियों का चयन होगा. ये खिलाड़ी विभिन्न अंतर-विश्वविद्यालय और अन्य प्रतियोगिताओं में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे.
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजीव मनोहर ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण, अनुशासन और शत-प्रतिशत प्रतिबद्धता के साथ अभ्यास करने की अपील की. साथ ही आगामी प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संदेश दिया.

