Ramgarh News: आईटीआई गोला में सीएनसी (कंप्यूटराइज्ड न्यूमेरिकल कंट्रोल) मशीनिस्ट प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम में मांडू विधायक निर्मल महतो और उपायुक्त ऋतुराज शामिल हुए. इस दौरान पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत गोल्ड स्मिथ (सुनार) ट्रेड में प्रशिक्षण पूरा करने वाले 18 प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रमाण पत्र वितरित किए गए.
विधायक निर्मल महतो ने युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल की सराहना की.
इसे भी पढ़ें:
वहीं, उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि हुनर परियोजना का उद्देश्य युवाओं को स्थानीय औद्योगिक प्रतिष्ठानों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर जिले में ही रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें रोजगार के लिए दूसरे शहरों में पलायन न करना पड़े.
डीसी ने यह भी बताया कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ड्रोन टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने पर जोर दिया जाएगा.
कार्यक्रम में आईटीआई गोला के प्रशिक्षणार्थियों की उपलब्धियों की भी सराहना की गई. इनमें रोहित मुंडा ने वेल्डर ट्रेड, जूही कुमारी ने टर्नर ट्रेड और प्रदीप टुडू ने मशीनिस्ट ट्रेड में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया. वहीं, मिथुन महतो ने टर्नर ट्रेड में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

