Palamu : पलामू जिले में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब बनाने के लिए लाई जा रही भारी मात्रा में स्प्रिट बरामद की है. छापेमारी के दौरान कुल 18,880 लीटर स्प्रिट जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 13 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.
उत्पाद अधीक्षक सुजीत कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई पिपरा थाना क्षेत्र के भीतिया गांव में की गई. छापेमारी के दौरान स्प्रिट आरोपी लव कुमार चंद्रवंशी के घर स्थित खटाल से बरामद हुई. इस मामले में प्रमोद कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है.
अधिकारियों के अनुसार बाजार में स्प्रिट की कीमत करीब 70 रुपये प्रति लीटर है, जिसके आधार पर जब्त स्प्रिट की कुल कीमत लगभग 13 लाख 21 हजार 600 रुपये आंकी गई है. छापेमारी शुक्रवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्प्रिट पंजाब से टैंकरों के माध्यम से लाई जाती थी. बाद में इसे 40 लीटर के गैलनों में भरकर बिहार और पलामू क्षेत्र में खपाने की योजना थी, खासकर नगर निकाय चुनाव के दौरान इसकी खपत की तैयारी की जा रही थी.
दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. उत्पाद विभाग ने बताया कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



Leave a Comment