Shambhu Kumar
Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी प्रखंड के सुदूरवर्ती एवं जंगल क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए अच्छी खबर है. पिंडिंग से गिरू तक करीब 19 किलोमीटर लंबे सड़क का निर्माण अब पथ निर्माण विभाग के माध्यम से कराया जाएगा. कैबिनेट बैठक में इस सड़क निर्माण परियोजना को स्वीकृति मिल गई है. सड़क निर्माण पर करीब 114 करोड़ रुपये खर्च होंगे.
इसे भी पढ़ें:
पिंडिंग से गिरू तक भाया गंजना, सकोड़ा और बड़ाकेसल होते हुए कुल 19.149 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा. इस परियोजना के तहत सड़क निर्माण के साथ मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण, पुल निर्माण, भू-अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग, पेड़ों की कटाई तथा एवेन्यू एवं वृक्षारोपण जैसे कार्य भी शामिल किए गए हैं.
आरईओ से आरसीडी को हस्तांतरित हुई सड़क
बताया गया कि यह सड़क पहले ग्रामीण कार्य विभाग (आरईओ) के अधीन थी. क्षेत्र की भौगोलिक एवं आवागमन संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर के विधायक जगत माझी के प्रयास से सड़क को ग्रामीण कार्य विभाग से पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित कराया गया. इसके बाद सड़क के बेहतर निर्माण एवं मजबूतीकरण के लिए उच्चस्तरीय योजना तैयार की गई और अब राज्य कैबिनेट से इसकी प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल गई है.
गुदड़ी प्रखंड का यह क्षेत्र घने जंगलों और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों से घिरा हुआ है. कई गांवों तक बेहतर सड़क संपर्क का अभाव होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. बरसात के मौसम में स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती है. सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजगार से जुड़े कार्यों के लिए आने-जाने में भी सहूलियत होगी.
लंबे समय से क्षेत्र के लोग बेहतर सड़क संपर्क की मांग कर रहे थे. ग्रामीणों का कहना है कि पिंडिंग से गिरू तक सड़क बनने से गुदड़ी के सुदूरवर्ती गांव मुख्य मार्ग से बेहतर तरीके से जुड़ सकेंगे और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी. स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि परियोजना का निर्माण कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द शुरू होगा और समय पर पूरा किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

