Ranchi : झारखंड राज्यसभा चुनाव 2026 का परिणाम केवल राज्यसभा की एक सीट का फैसला नहीं है. राजनीतिक गलियारों में इसे विधानसभा 2029 के सेमीफाइनल के रूप में देखा जा रहा है. आंकड़ों में भले झामुमो के बैद्यनाथ राम की जीत दर्ज हुई हो, लेकिन इस चुनाव ने विपक्षी एकता, क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक भरोसे पर कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं.
बैद्यनाथ राम को 31 वोट मिले, भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी ने 28 मत जुटाकर राज्यसभा में वापसी सुनिश्चित की, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा 19 वोट पर सिमट गए. तीन वोट अमान्य रहे. पहली नजर में यह एक सामान्य चुनावी परिणाम लगता है, लेकिन इसकी परतें खोलने पर कहानी कुछ और नजर आती है.

एनडीए के पास 24 विधायक थे, जबकि नाथवानी को जीत के लिए 28 वोट चाहिए थे. यानी चार वोटों का अतिरिक्त इंतजाम हुआ. यही चार वोट अब झारखंड की राजनीति का सबसे बड़ा रहस्य और चर्चा का विषय हैं.
राजनीति में घोड़े की आंखों पर पट्टी इसलिए लगाई जाती है ताकि वह केवल अपने रास्ते पर ध्यान रखे और इधर-उधर न भटके. लेकिन राज्यसभा चुनाव के इस मैदान में ऐसा लगता है कि महागठबंधन के कुछ घोड़ों की लगाम तो हाथ मे थी लेकिन पट्टी ढीली पड़ गई. कुछ नजरें अपने निर्धारित रास्ते से हट गईं और कुछ कदम दूसरी दिशा में बढ़ गए. इसी से क्रॉस वोटिंग और हॉर्स ट्रेडिंग की चर्चाओं को हवा मिली.

हार के बाद कांग्रेस विधायक के. राजू ने राजद और माले पर धोखे का आरोप लगाया. हालांकि माले ने तुरंत इन आरोपों का खंडन कर दिया. लेकिन आरोपों का सामने आना ही यह बताने के लिए काफी है कि गठबंधन के भीतर सब कुछ उतना सहज नहीं है, जितना बाहर से दिखाई देता है.
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे दिलचस्प राजनीतिक संदेश भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने दिया. उन्होंने कहा कि वे राजद और माले का आभार नहीं जताते, बल्कि कांग्रेसियों को नमन करते हैं.राजनीति की भाषा मे यह बयान साधारण नहीं, बल्कि गहरे संकेतों से भरा हुआ है.
राज्यसभा का यह मुकाबला समाप्त हो गया है, लेकिन इसके राजनीतिक संदेश दूर तक जाएंगे. विधानसभा 2029 फाइनल के लिए पिच तैयार है. अब देखना यह है कि अगली पारी में किसके घोड़े की लगाम मजबूत रहती है और किसकी पट्टी फिर ढीली पड़ जाती है. झारखंड की राजनीति का मुकाबला अब और भी रोमांचक होने वाला है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



Leave a Comment