Ranchi : राजधानी रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 के परेड ग्राउंड में शुक्रवार को 21वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट-2026 का शुभारंभ हुआ. 27 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने किया. अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड पुलिस की अनुसंधान क्षमता और तकनीकी दक्षता को बेहतर बना है.

जैप-1 के परेड ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित
8 टीमों के 80 से अधिक पुलिसकर्मी होंगे शामिल
पुलिस ड्यूटी मीट में झारखंड के विभिन्न रेंज और पुलिस इकाइयों की आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनमें 80 से अधिक पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल हैं. प्रतियोगिता के माध्यम से पुलिसकर्मियों की अनुसंधान क्षमता, वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की तकनीक और अपराध से जुड़े मामलों के पेशेवर तरीके से निष्पादन की दक्षता को परखा जाएगा.
इसे भी पढ़ें
12 कैटेगरी में होंगी प्रतियोगिता
चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में कुल 12 अलग-अलग कैटेगरी (श्रेणियों) में मुकाबले होंगे. इनमें फॉरेंसिक साइंस की लिखित परीक्षा के साथ-साथ अपराध की जांच (क्राइम इन्वेस्टिगेशन), कंप्यूटर की जानकारी, फोटोग्राफी, घटनास्थल से सबूत इकट्ठा करने और उन्हें सुरक्षित पैक करने के तरीके शामिल हैं. इसके अलावा, डॉग स्क्वायड, विस्फोटक (बम) खोजने और फिंगरप्रिंट से जुड़े प्रैक्टिकल (प्रायोगिक) और मौखिक टेस्ट भी लिए जाएंगे.
प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की पुलिस ड्यूटी मीट के लिए किया जाएगा. चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड पुलिस का प्रतिनिधित्व करेंगे. इस आयोजन के जरिए पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराध अनुसंधान को मजबूत बनाने का अवसर मिलेगा.
कार्यक्रम में कई अधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में एडीजी प्रिया दुबे, एडीजी मनोज कौशिक, आईजी साकेत कुमार सिंह, आईजी पंकज कंबोज, आईजी प्रभात कुमार, आईजी अनूप बिरथरे, आईजी मयूर कन्हैयालाल पटेल, आईजी सुनील भास्कर, आईजी विक्रांत मिंज, आईजी अजय लिंडा, आईजी सुदर्शन मंडल, आईजी नरेंद्र सिंह डीआईजी शैलेंद्र वर्णवाल, डीआईजी इंद्रजीत माहता, डीआईजी वायएस रमेश, डीआईजी नौशाद आलम, एसपी सौरभ, एसएसपी राकेश रंजन और आईपीएस पूज्य प्रकाश, आईपीएस राजकुमार मेहता, आईपीएस दीपक पांडेय, आईपीएस दीपक शर्मा, आईपीएस एसपी रोशन गुड़िया, आईपीएस सहदेव साव समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.

