Jamtara News : आय से अधिक संपत्ति मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, दुमका (एसीबी) ने जामताड़ा में कार्रवाई की है. मामले में बागडेहरी थाना में कार्यरत चौकीदार शरद गोप को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. शरद गोप कुंडहित प्रखंड के मुड़ाबेड़िया गांव का निवासी है.
इसे भी पढ़ें
मिली जानकारी के अनुसार, एसीबी को चौकीदार शरद गोप के खिलाफ उसके ज्ञात आय स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी. शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले में कांड संख्या 3/25 दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के क्रम में 16 सितंबर 2025 को एसीबी की टीम मुड़ाबेड़िया गांव पहुंची थी. वहां टीम ने चौकीदार से संबंधित संपत्ति और उसके आय के स्रोतों की जानकारी जुटाई थी.
जांच के दौरान एसीबी की टीम ने संपत्ति के स्वरूप, आय के स्रोत और अन्य वित्तीय पहलुओं की पड़ताल की. इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए शरद गोप को गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल एसीबी मामले की विस्तृत जांच में जुटी है. जांच के दौरान अर्जित संपत्ति के वास्तविक मूल्य, आय के ज्ञात स्रोतों और संपत्ति के बीच अंतर का आकलन किया जाएगा. जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की संभावना है.

