Ramgarh News: रामगढ़ छावनी क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और शहर की समस्याओं के समाधान की दिशा में छावनी परिषद ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं. गुरुवार को परिषद सभागार में ब्रिगेडियर उपेंद्र सिंह कौशल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कुल 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. जिसमें जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, सड़क एवं नाली निर्माण, भवन निर्माण के नक्शों की स्वीकृति और दुकानदारों को व्यवसाय के लिए जगह उपलब्ध कराने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे.
इसे भी पढ़ें:
रामगढ़ कैंट के कई हिस्सों में जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए तैयार सीवरेज सिस्टम की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को परिषद ने मंजूरी दे दी. इसे शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
व्यापारियों को व्यवस्थित रूप से व्यवसाय करने का अवसर देने के उद्देश्य से बैठक में वेंडिंग जोन की खाली जगहों को दुकानदारों को आवंटित करने पर सहमति बनी. इस फैसले से निर्धारित स्थान पर दुकान लगाने के इच्छुक कारोबारियों को जगह उपलब्ध कराने का रास्ता साफ होगा. साथ ही, शहर में व्यापारिक गतिविधियों को व्यवस्थित करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.
छावनी परिषद क्षेत्र के सभी आठ वार्डों में किए गए सर्वेक्षण के दौरान 57 ऐसे मकानों को चिह्नित किया गया है, जिनमें स्वीकृत व्यवस्था के विपरीत अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण किए जाने की बात सामने आई है. परिषद ने संबंधित मकान मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है.
इसके तहत छावनी अधिनियम, 2006 की धारा 247 और 248 के अंतर्गत नोटिस जारी किए जाएंगे. नोटिस के बाद संबंधित मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त भवन निर्माण से संबंधित 14 नक्शों को मंजूरी दी गई. इसके अलावा अगस्त और सितंबर महीने के आय-व्यय का लेखा-जोखा भी स्वीकृत किया गया. परिषद ने शहर में सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित विकास योजनाओं पर चर्चा करते हुए विभिन्न प्रस्तावों को हरी झंडी दी.
बैठक में रामगढ़ छावनी क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने, जल निकासी की समस्या दूर करने तथा विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया. परिषद के फैसलों से शहर में व्यवस्थित निर्माण, व्यापारिक गतिविधियों और नागरिक सुविधाओं के विकास को गति मिलने की उम्मीद है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

